
पलामू। सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर पलामू पुलिस ने सोमवार की शाम जिलेभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। SDPO राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक जिले के 15 अलग-अलग स्थानों पर रोड सेफ्टी और एंटी क्राइम चेकिंग की गई। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर पुलिस की विशेष तैनाती रही और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।
चियांकी, चैनपुर, हरिहरगंज, पड़वा-रेहला, लेस्लीगंज और पांकी समेत जिले के कई प्रमुख मार्गों पर पुलिस टीम ने वाहनों को रोककर कागजात, यातायात नियमों के पालन और वाहन चालकों की गतिविधियों की जांच की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले वाहन चालकों को रोककर समझाया गया और भविष्य में हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। पुलिस का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए जागरूक करना भी है।
चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही। पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों वाले लोगों और वाहनों की जांच कर अपराध नियंत्रण की दिशा में भी सतर्कता बरती। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान से प्रमुख मार्गों पर पुलिस की सक्रियता नजर आई।
पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन पर हेलमेट जरूर पहनें और सड़क पर निर्धारित नियमों के अनुसार ही वाहन चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद की और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू





