भागलपुर। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के घोसी टोला में पिछले कई दिनों से बंदरों के झुंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। इलाके में बंदरों के आतंक से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि बंदरों ने अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया है। घायलों का इलाज भागलपुर सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से बंदरों का झुंड लगातार घोसी टोला और आसपास के इलाकों में घूम रहा है। बंदर अचानक लोगों पर हमला कर उन्हें काट रहे हैं। इसके कारण लोगों को घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिवार के लोग अधिक चिंतित हैं।
बताया गया कि बंदरों के हमले में घायल हुए लोगों को परिजन इलाज के लिए भागलपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। लगातार हो रहे हमलों के कारण मोहल्ले में दहशत का माहौल है और लोग बंदरों से बचने के लिए सावधानी बरत रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बंदरों के आतंक को लेकर वन विभाग से कई बार शिकायत की गई है, लेकिन अब तक विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची है। लोगों का कहना है कि बंदरों को पकड़ने के लिए भी अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे समस्या लगातार बनी हुई है।
मोहल्लेवासियों ने वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले में जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर इलाके से हटाया जाए, ताकि आगे किसी व्यक्ति के घायल होने की घटना न हो।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक की समस्या का स्थायी समाधान कराने और इलाके में टीम भेजकर स्थिति का जायजा लेने की मांग की है। वहीं, लोगों की नजर अब वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।







