सहरसा में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बिहार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 56 कार्टन में कुल 891 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 25 सितंबर 2026 को बिहार थाना पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटे लाल यादव और गणेश यादव मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 56 कार्टन में रखा 891 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गणेश यादव, पिता स्वर्गीय जनार्दन यादव, निवासी डोरमा वार्ड नंबर-01, थाना बिहारा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार गणेश यादव से पूछताछ के बाद मामले के मुख्य आरोपी नारायण साह उर्फ त्रिभुवन कुमार साह, पिता स्वर्गीय गणेश साह, निवासी बिहार, थाना बिहारा को भी गिरफ्तार किया गया।
इस मामले में बिहार थाना में कांड संख्या 317/2026, दिनांक 25 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी, पुअनि आकांक्षा कुमारी, पुअनि कृष्ण कुमार, पुअनि धनंजय कुमार, पुअनि ज्योति कुमारी, परिअपुअनि राजकमल समेत सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की बात कही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।







