गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में नाबालिग लड़कियों से आर्केस्ट्रा और म्यूजिकल ग्रुप में काम करवाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बरौली और बैकुंठपुर थाना क्षेत्रों में संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 9 नाबालिग किशोरियों को मुक्त कराया है। वहीं, इस मामले में एक आर्केस्ट्रा संचालिका को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
दरअसल, 26 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाहर से लाई गई नाबालिग लड़कियों को आर्केस्ट्रा और म्यूजिकल ग्रुप में रखा गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में बरौली और बैकुंठपुर थाना पुलिस के साथ राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग और रेस्क्यू फाउंडेशन के जांच अधिकारी भी शामिल थे।
दो ठिकानों से 9 किशोरियां बरामद
पहली कार्रवाई बरौली थाना क्षेत्र में आर. के. होंडा के पास स्थित पाखी आर्केस्ट्रा एवं म्यूजिकल ग्रुप में की गई। यहां से पुलिस ने पांच किशोरियों को बरामद किया। उम्र सत्यापन में सभी नाबालिग पाई गईं। मौके से आर्केस्ट्रा संचालिका को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में रेवतीथ हाई स्कूल के समीप एसएच-90 के किनारे स्थित सोनम आर्केस्ट्रा एवं म्यूजिकल ग्रुप में की गई। यहां से पुलिस ने चार नाबालिग किशोरियों को मुक्त कराया।
परिजनों को सौंपी गईं किशोरियां
पुलिस के मुताबिक, सभी 9 किशोरियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, दूसरे आर्केस्ट्रा के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में नाबालिग लड़कियों से आर्केस्ट्रा में काम करवाने वाले संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।






