सहरसा में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त अभियान का शुभारंभ, डीएम ने कहा- समाज की सोच बदलना जरूरी

सहरसा जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त सहरसा अभियान का शुभारंभ किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम के तहत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की ओर से आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम, जनजागरूकता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

 

Sponsored Advertisement

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने पौधारोपण कर की। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी राजू कुमार ने अभियान के उद्देश्यों और कार्ययोजना की जानकारी दी। कार्यक्रम में बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों पर आधारित फिल्म भी दिखाई गई।

 

इस दौरान जिला मिशन समन्वयक ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि सहरसा में 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की 57.1 प्रतिशत महिलाओं का विवाह 18 वर्ष की उम्र से पहले हुआ है। जबकि बिहार में यह आंकड़ा 34.6 प्रतिशत और राष्ट्रीय स्तर पर 20.1 प्रतिशत है। इन आंकड़ों को चिंताजनक बताते हुए जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता जताई गई।

 

जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। इसे रोकने के लिए प्रशासनिक कार्रवाई के साथ समाज की सोच और व्यवहार में बदलाव लाना जरूरी है।

 

उन्होंने पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, आईसीडीएस, जीविका, श्रम विभाग और बाल संरक्षण इकाई सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। अभियान को जिला मुख्यालय से लेकर अनुमंडल, प्रखंड, पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही गठित टास्क फोर्स को सक्रिय कर नियमित बैठक और कार्रवाई की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

 

डीएम ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि न बाल विवाह करेंगे, न होने देंगे और न ही इसे मौन सहमति देंगे।

Related Posts

पटना में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, पिंटू मसाला मिल से 4.5 किलो खुला मिर्च पाउडर जब्त, डोमिनोज समेत 3 प्रतिष्ठानों को नोटिस

बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने शुक्रवार को पटना के दानापुर और दीघा इलाके में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दानापुर कैंट…

अरविंद सिंह के परिजनों से मिलने रहुआ गांव पहुंचे अनंत सिंह के दोनों बेटे, परिवार को दी सांत्वना

बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रहुआ गांव में शुक्रवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब बिहार के चर्चित नेता अनंत सिंह के दोनों बेटे…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *