बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने शुक्रवार को पटना के दानापुर और दीघा इलाके में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दानापुर कैंट के हरिया बाजार स्थित पिंटू मसाला मिल से 4 किलो 500 ग्राम खुला लाल मिर्च पाउडर जब्त किया गया। जब्त मिर्च पाउडर की कीमत 1,260 रुपये बताई गई है। वहीं, तीन अन्य प्रतिष्ठानों में भी स्वच्छता और भंडारण से जुड़ी कमियां मिलने पर उन्हें सुधार के निर्देश दिए गए।
खाद्य संरक्षा अधिकारियों की जांच में पिंटू मसाला मिल के पास एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण नहीं पाया गया। प्रतिष्ठान में खुले लाल मिर्च पाउडर की बिक्री की जा रही थी। अधिकारियों ने मिर्च पाउडर जब्त करने के साथ ही गुणवत्ता जांच के लिए नमूना भी लिया, जिसे खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी कर 14 दिनों के भीतर कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया है। 15वें दिन सुधार का प्रमाण संबंधित कार्यालय में देना होगा। ऐसा नहीं करने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई हो सकती है।
इसके अलावा दीघा स्थित दुर्गा मंदिर के पास गार्डेन घी दुकान में साफ-सफाई और भंडारण व्यवस्था असंतोषजनक मिली। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। दुकान संचालक को सफाई व्यवस्था सुधारने और कर्मचारियों के लिए मास्क, एप्रन, दस्ताने व कैप का इस्तेमाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
दानापुर के श्री निवास हेल्थकेयर फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड में भी रखरखाव और भंडारण की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। यहां पर्याप्त रोशनी और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र की कमी पाई गई। प्रतिष्ठान को सुधार के निर्देश देने के साथ खुले मसालों की बिक्री पर रोक लगा दी गई।
वहीं, दीघा स्थित जुबिलेंट फूडवर्क्स (डोमिनोज पिज्जा) में भंडारण व्यवस्था में कमियां मिलीं। प्रतिष्ठान को चार दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया गया है।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।





