35 साल बाद आया पूर्व मंत्री नगीना राय हत्याकांड में बड़ा फैसला, पूर्व विधायक के दोनों पुत्र दोषी करार

गोपालगंज। बिहार के बहुचर्चित पूर्व सांसद एवं मंत्री नगीना राय हत्याकांड में करीब 35 साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। न्यायालय ने इस हत्याकांड में तत्कालीन विधायक स्वर्गीय बच्चा चौबे के दोनों पुत्रों परमात्मा चौबे और बृजभूषण चौबे को दोषी करार दिया है। वहीं, मामले के एक अन्य आरोपित सत्येंद्र उपाध्याय को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया है। दोनों दोषियों की सजा के बिंदु पर आगामी 8 दिसंबर को सुनवाई होगी। इस दिन अदालत सजा पर अपना फैसला सुना सकती है।

 

Sponsored Advertisement

न्यायालय के इस फैसले के बाद गोपालगंज के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में एक बार फिर चर्चित नगीना राय हत्याकांड की चर्चा तेज हो गई है। करीब साढ़े तीन दशक तक चले इस मामले में फैसला आने के बाद अब सबकी निगाहें सजा के ऐलान पर टिकी हैं।

 

इस बहुचर्चित हत्याकांड की सुनवाई के दौरान न्यायालय का अभिलेख गायब होने का मामला भी सामने आया था। इसके कारण करीब नौ महीने तक सुनवाई की प्रक्रिया बाधित रही। बाद में अभिलेख में उपलब्ध कागजातों के आधार पर न्यायालय ने सुनवाई आगे जारी रखने का निर्णय लिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अदालत ने दो आरोपितों को दोषी करार दिया।

 

मामले की घटना 10 अप्रैल 1991 की शाम की है। पूर्व सांसद एवं मंत्री नगीना राय पटना से गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव भोपतिपुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गन्ने से लदी बैलगाड़ी के कारण सड़क पर जाम लग गया और उनकी गाड़ी रुक गई।

 

बताया जाता है कि इसी दौरान उनकी गाड़ी पर कुछ लोगों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। गोली लगने से नगीना राय की मौत हो गई थी। इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद से ही यह मामला बिहार के चर्चित राजनीतिक हत्याकांडों में शामिल रहा।

 

अब 35 साल बाद आए अदालती फैसले ने इस मामले में एक अहम कानूनी पड़ाव पूरा कर दिया है। 8 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में तय होगा कि दोषियों को कितनी सजा मिलती है।

Related Posts

सहरसा में 29 नवंबर को प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं होंगे सम्मानित, मत्स्यगंधा रिसोर्ट में सजेगा भव्य समारोह

बिहार कुम्हार प्रजापति सामान्य समिति की ओर से आगामी 29 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार…

पटना में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, पिंटू मसाला मिल से 4.5 किलो खुला मिर्च पाउडर जब्त, डोमिनोज समेत 3 प्रतिष्ठानों को नोटिस

बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने शुक्रवार को पटना के दानापुर और दीघा इलाके में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दानापुर कैंट…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *