किशनगंज: बिहार के किशनगंज में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अब बाल विवाह किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग देने या उसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बाल विवाह मुक्त किशनगंज का संकल्प
दरअसल, शुक्रवार को किशनगंज के खेल भवन में बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर एक दिवसीय जिला स्तरीय जागरूकता एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम के साथ बेटियों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
इस दौरान डीएम नवीन कुमार ने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य के साथ अन्याय है। बाल विवाह मुक्त किशनगंज बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक संकल्प होना चाहिए। उन्होंने लोगों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
वहीं, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी डब्ल्यूसीडीसी बंदना पांडेय ने कहा कि बाल विवाह को समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान को जनआंदोलन बनाना होगा। इसके लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने बाल विवाह के सामाजिक, कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी। जन निर्गम केंद्र के जिला समन्वयक मो. मुजाहिद आलम ने बाल विवाह निषेध कानून और इसके उल्लंघन पर होने वाली कानूनी कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया।
इस कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से महिला पर्यवेक्षिकाओं और एएनएम ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने बाल विवाह रोकने, पीड़ित बच्चियों के संरक्षण और जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाने से जुड़े सवाल भी पूछे।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि बेटियों का बचपन सुरक्षित रखना और उन्हें शिक्षा का अधिकार दिलाना सभी की जिम्मेदारी है। किशनगंज को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।






