लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के प्रणेता एवं मगध रेंज के आईजी आईपीएस विकास वैभव का जन्मदिन गया जी में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस खास अवसर पर मगध आईजी आवास पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। सुबह से ही जन्मदिन की बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मां ताराचंडी की पावन धरती रोहतास से भी बड़ी संख्या में लोग गया जी पहुंचे। रोहतास जिले से पहुंचे लोगों ने मां ताराचंडी की प्रतिमा, फूल-मालाओं और शुभकामनाओं के साथ आईपीएस विकास वैभव को जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने उन्हें फूलों की माला पहनाकर और बुके भेंटकर उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल जीवन की कामना की।
बिहार के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों ने भी अपने-अपने अंदाज में जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। किसी ने फूल-मालाओं से स्वागत किया तो किसी ने आत्मीयता के साथ शुभकामनाएं देकर इस अवसर को यादगार बनाया। बड़ी संख्या में युवाओं और अभियान से जुड़े लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
दरअसल, आईपीएस विकास वैभव द्वारा शुरू किया गया लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान शिक्षा, समानता और उद्यमिता के माध्यम से बिहार के विकास और सकारात्मक बदलाव की दिशा में काम कर रहा है। इस अभियान से बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक कार्यकर्ता जुड़ रहे हैं।
जन्मदिन के अवसर पर उमड़ी भीड़ और लोगों का उत्साह इस अभियान के प्रति बढ़ते जुड़ाव और विकास वैभव के प्रति लोगों के सम्मान को दर्शाता नजर आया। गया जी में आयोजित यह समारोह केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि बिहार के बेहतर भविष्य के संकल्प और सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देता दिखाई दिया।






