कभी सिल्क और शिक्षा की विरासत के लिए मशहूर भागलपुर अब प्रतिभाओं की नई पहचान बन रहा है। यहां के युवा अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर देश के बड़े संस्थानों, प्रतिष्ठित कंपनियों और प्रशासनिक सेवाओं में सफलता का परचम लहरा रहे हैं। किसी ने 60 लाख रुपये का सालाना पैकेज हासिल किया है, तो किसी ने इसरो में वैज्ञानिक बनकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कृषि, प्रशासनिक सेवा और खेल के मैदान में भी भागलपुर के युवाओं ने जिले का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के मौके पर इन होनहारों की उपलब्धियां हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान यानी ट्रिपल आईटी भागलपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। सत्र 2025-26 के आंकड़ों के मुताबिक, यहां के एक छात्र को 60 लाख रुपये का सालाना सर्वोच्च पैकेज मिला है। इस सत्र में 161 से अधिक नौकरी के प्रस्ताव मिले, जबकि 130 से ज्यादा कंपनियों ने कैंपस प्लेसमेंट में हिस्सा लिया। अमेजन, सिस्को, एक्सोलाइट डिजिटल और एथर एनर्जी जैसी कंपनियों में विद्यार्थियों का चयन हुआ।
वहीं, बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर ने भी सफलता का नया अध्याय लिखा है। विश्वविद्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से जून 2025 के बीच 350 से अधिक विद्यार्थियों का बिहार सरकार की विभिन्न सेवाओं में चयन हुआ। खास बात यह है कि विश्वविद्यालय के एक विद्यार्थी का चयन इसरो में वैज्ञानिक के पद पर हुआ है।
प्रशासनिक सेवा में भी भागलपुर के युवाओं ने अपनी प्रतिभा साबित की है। नाथनगर के राहुल कुमार ने यूपीएससी में 141वीं रैंक हासिल की। वहीं, मीमांसा ने 447वीं, श्रेया झा ने 357वीं और सन्हौला की 22 वर्षीय चैताली ने पहले प्रयास में 565वीं रैंक प्राप्त की।
खेल के मैदान में भी भागलपुर पीछे नहीं है। आद्यांश अंश ने राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। वहीं, एलीट बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किए। डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों ने भी कराटे और फुटबॉल में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
कुल मिलाकर, भागलपुर के युवा साबित कर रहे हैं कि मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।






