जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। रविवार शाम नाला पूर्वांचल मंडल अंतर्गत मालडीहा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यकर्ताओं ने बयान की कड़ी निंदा की और इसे अमर्यादित बताया।
कार्यक्रम का नेतृत्व नाला पूर्वांचल मंडल भाजपा अध्यक्ष किशन मुर्मू ने किया। पुतला दहन कार्यक्रम में मंडल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर की गई कथित टिप्पणी से पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इसी के विरोध में मालडीहा चौक पर पुतला दहन कर कांग्रेस अध्यक्ष के बयान के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष किशन मुर्मू ने कहा कि नाला पूर्वांचल मंडल भाजपा की ओर से मालडीहा चौक पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर अनुचित टिप्पणी की और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसी के विरोध में पुतला दहन किया है।
किशन मुर्मू ने आगे कहा कि कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी स्वीकार्य नहीं है और पूरे नाला मंडल के भाजपा कार्यकर्ता इसकी कड़ी निंदा करते हैं। भाजपा नेताओं ने राजनीतिक विरोध के दौरान भाषा की मर्यादा बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
पुतला दहन कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष सुरेश लोहार, रास बिहारी मंडल, मंडल महामंत्री कार्तिक रुईदास, मंडल मीडिया प्रभारी बापी सिंह, दुलाल मरांडी, दीपक खां, अनिमेष घोष, सुकुमार टुडू, बाच्चु लोहार, मिथुन और तापस कुमार दास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष की कथित टिप्पणी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
स्थान: जामताड़ा, झारखंड
संवाददाता: संतोष कुमार








