औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवान और एक कार चालक के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सड़क पर हुई इस हाथापाई के दौरान दोनों तरफ से लात-घूंसे चलने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, दाउदनगर थाना क्षेत्र के भुखरुआ मोड़ और दाउदनगर चौक के पास ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान एक कार चालक कथित तौर पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए अपनी गाड़ी आगे बढ़ाने लगा।
मौके पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड के जवान ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने जवान के निर्देश पर ध्यान नहीं दिया और गाड़ी आगे बढ़ाता रहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि कार चालक के नहीं रुकने से नाराज जवान ने उसकी कार पर डंडा मार दिया। इसके बाद कार चालक अपना आपा खो बैठा और गाड़ी से उतरकर होमगार्ड के जवान के साथ मारपीट करने लगा। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों के बीच सड़क पर ही हाथापाई शुरू हो गई।
इस दौरान दोनों तरफ से लात-घूंसे चलने लगे। सड़क पर हो रही इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह दोनों को अलग कराया, जिसके बाद स्थिति को संभाला जा सका।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी और वाहन चालक के बीच इस तरह की मारपीट ने लोगों का ध्यान खींचा है।
हालांकि, इस मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।





