गोपालगंज/सीवान। गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र में लापता दो मदरसा छात्रों की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। गुरुवार को पुलिस ने बंगरा पांडेय टोली स्थित चंवर में एक तालाब के पास से दूसरे लापता छात्र का शव बरामद किया। मृतक की पहचान सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बनियापुर निवासी असगर अली के रूप में हुई है। इससे पहले बुधवार को इसी इलाके से दूसरे छात्र मोहम्मद जैद अली का शव बरामद किया गया था।
दोनों मृतक सीवान जिले के तेतहली स्थित मदरसा वारसिया उलूम में पढ़ाई करते थे। एक साथ दो छात्रों की मौत की खबर से उनके गांव बनियापुर और मदरसा परिसर में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बीते 23 नवंबर को मदरसे के पांच छात्र चंदा वसूलने के लिए ऑटो से गोपालगंज आए थे। रास्ते में थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के पास ऑटो खराब हो गया। बताया जाता है कि ऑटो ठीक होने का इंतजार करते समय कुछ छात्र पास के खेत में गन्ना तोड़ने लगे। इसी दौरान खेत मालिक वहां पहुंच गया और छात्रों को पकड़ लिया। इसके बाद दो छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए।
छात्रों के लापता होने के बाद परिजनों और मदरसा प्रबंधन ने थावे थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ड्रोन कैमरों की मदद से चंवर और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी अभियान के दौरान लगातार दो दिनों में दोनों छात्रों के शव बरामद हुए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
इधर, दोनों छात्रों के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गोपालगंज और सीवान दोनों जिलों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।
वहीं, पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू ने घटना पर दुख जताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हत्या के आरोप समेत सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।





