धनबाद जिले के श्रमिक चौक इलाके में रेलवे की ओर से चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। अभियान के तहत हुई कार्रवाई में करीब 25 से 30 दुकानदारों की दुकानें हटाई गईं, जिससे उनके परिवारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ा है। वर्षों से छोटी-छोटी दुकानें चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले दुकानदार अब बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से जूझने को मजबूर हैं।
कार्रवाई से प्रभावित दुकानदार रवि भारती ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि अचानक हुई तोड़फोड़ से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दुकान ही उनके परिवार की कमाई का एकमात्र जरिया थी। अब दुकान उजड़ने के बाद परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से दुकानदारों के लिए कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई और उन्हें हटाकर उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कभी नगर निगम की ओर से टेंडर और नाली चौड़ीकरण की बात कही जाती है, तो कभी रेलवे की ओर से बड़े और पक्के नाले के निर्माण का हवाला देकर अतिक्रमण हटाया जाता है। विकास कार्यों के नाम पर बार-बार कार्रवाई तो होती है, लेकिन गरीब दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर कोई ठोस पहल नजर नहीं आती।
दुकानदारों ने स्पष्ट कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं। इलाके में पक्का और बड़ा नाला बने, सड़क और नाली का निर्माण हो, इससे उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन विकास की कीमत गरीब परिवारों की रोजी-रोटी छीनकर नहीं चुकाई जानी चाहिए।
रवि भारती समेत अन्य प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उन्हें दोबारा दुकान लगाने की जगह दी जाए या किसी दूसरे उपयुक्त स्थान पर बसाया जाए। उनका कहना है कि पहले गरीब दुकानदारों के पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनके परिवारों का चूल्हा जलता रहे।





