भागलपुर/नाथनगर: नाथनगर थाना क्षेत्र के नगर निगम वार्ड नंबर-4 स्थित सुजापुर में शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक कट्ठा जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद में मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत एक युवक ने धारदार हसुआ से अपने चाचा आशुतोष घोष पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान आशुतोष घोष के बाएं हाथ की तीन उंगलियां कट गईं। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पीड़ित पक्ष की पूजा कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनके चाचा आशुतोष घोष घर में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान बांका जिले के धोरैया निवासी उनके चचेरे भाई रजनीश आनंद अपनी मां और बहन के साथ घर में पहुंचा। आरोप है कि नशे की हालत में उसने धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान आशुतोष घोष बीच-बचाव करने पहुंचे और हथियार छीनने का प्रयास किया। तभी रजनीश ने हसुआ से उनके हाथ पर वार कर दिया, जिससे उनकी तीन उंगलियां कट गईं और काफी खून बहने लगा।
पूजा कुमारी के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी फुआ मीरा घोष सरकारी शिक्षिका थीं और 5 अगस्त 2026 को उनका निधन हुआ था। उनका दावा है कि फुआ ने मृत्यु से पहले 2 अप्रैल 2026 को एक कट्ठा जमीन उनके नाम दानपत्र कर दी थी। पूजा के मुताबिक, फुआ की सेवा और श्राद्धकर्म भी उनके परिवार ने कराया था।
आरोप है कि श्राद्धकर्म के बाद रजनीश आनंद अपनी मां, बहन और बीमार पिता के साथ घर में रहने आ गया और उक्त जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी रजनीश आनंद को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया। नाथनगर इंस्पेक्टर परमेश्वर सहनी ने बताया कि घायल आशुतोष घोष को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस को लिखित शिकायत मिली है और गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।





