सहरसा। कोशी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। आम लोगों से मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर लोग अवैध नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान कुल 1486.385 लीटर अवैध शराब, 508.85 किलोग्राम गांजा, 34.67 ग्राम स्मैक और 3.625 लीटर अवैध कफ सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा 250 एमएल नशीला इंजेक्शन भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12 मोटरसाइकिल, दो चारपहिया वाहन, दो मोबाइल फोन, एक गैस सिलेंडर, एक गैस चूल्हा, एक रेगुलेटर समेत अन्य सामान बरामद किया। इस दौरान अवैध शराब के मामले में 91 और सूखा नशा से जुड़े मामलों में 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
फरवरी से अब तक 2238 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान की शुरुआत फरवरी 2026 में हुई थी। अभियान शुरू होने से अब तक कोशी क्षेत्र में 72,705.84 लीटर अवैध शराब, 4,317.195 लीटर अवैध कफ सिरप, 6,977.055 किलोग्राम गांजा और 8,096.892 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है।
इसके अलावा नशीले इंजेक्शन, टैबलेट, हथियार, कारतूस, वाहन, नकदी और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। इस अवधि में कुल 2238 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
हेल्पलाइन पर दें नशे के कारोबार की सूचना
कोशी क्षेत्र पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप के माध्यम से दें। सूचना में कारोबारी का नाम, पता और कारोबार का स्थान बताया जा सकता है। संभव हो तो फोटो या वीडियो भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और मोबाइल नंबर गोपनीय रखा जाएगा। उल्लेखनीय सूचना से विशेष उपलब्धि होने पर संबंधित व्यक्ति को उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।






