बेगूसराय में सोमवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की। निगरानी की टीम ने शहर के पोखरिया स्थित पटना के एडीएम आपूर्ति रविंद्र कुमार दिवाकर के पैतृक आवास पर छापेमारी की। कोर्ट से मिले तलाशी वारंट के आधार पर हुई इस कार्रवाई के दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली गई। इसी मामले में पटना स्थित उनके आवास समेत अन्य ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की गई।
जानकारी के अनुसार, रविंद्र कुमार दिवाकर पटना में एडीएम आपूर्ति के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी दानापुर में जिला अवर निबंधक के पद पर कार्यरत हैं। निगरानी विभाग ने दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 113/26 का उल्लेख सामने आया है।
बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड संख्या-37 स्थित पैतृक आवास पर निगरानी की छह सदस्यीय टीम डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में दोपहर करीब एक बजे पहुंची। तलाशी के दौरान यहां से 9 लाख रुपये से अधिक नकद और सोने के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है। टीम बरामद नकदी, जेवर और दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।
वहीं, पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित कश्यप ग्रीन सिटी के आवास पर भी निगरानी की टीम ने कार्रवाई की। विभिन्न रिपोर्टों के मुताबिक यहां करीब 70 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी है। नोटों की गिनती के लिए मशीन का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के आभूषण और जमीन-जायदाद व निवेश से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है।
रिपोर्टों में दंपती और उनके परिजनों के नाम करीब 2.92 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति का भी उल्लेख किया गया है। इसमें पटना के फ्लैट और बिहार के अलग-अलग स्थानों पर जमीन से जुड़े दस्तावेज शामिल बताए गए हैं।
फिलहाल निगरानी विभाग बरामद नकदी, आभूषण और दस्तावेजों का अधिकारियों की घोषित आय से मिलान कर रहा है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।






