बिहार के भोजपुर में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। गुरुवार की शाम बाइक सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने दो दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बामपाली बांध की है।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव निवासी हवलदार हरेंद्र सिंह के 26 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान देवड़ी गांव निवासी 22 वर्षीय युवराज सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम दोनों दोस्त बामपाली बांध के पास मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार चार अपराधी पहुंचे और दोनों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए आरा के निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही ऋतिक की मौत हो गई। वहीं, युवराज का गंभीर हालत में इलाज जारी है।
घायल युवराज के पिता रामावतार सिंह ने आरोप लगाया है कि फोन पर रिश्तेदारी के एक युवक से गाली-गलौज हुई थी। इसी विवाद को लेकर दोनों को गोली मारी गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डीआईयू और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। गजराजगंज थाना के एसआई प्रकाश कुमार के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इस दोहरे गोलीकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।





