
सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के बीच चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 92 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इस दौरान बड़ी मात्रा में शराब, गांजा, स्मैक और अवैध कफ सिरप बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, एक सप्ताह के अभियान में 1,348.86 लीटर अवैध शराब, 32.105 किलोग्राम गांजा, 394.24 ग्राम स्मैक और 895.6 लीटर अवैध कफ सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा 11 मोटरसाइकिल, एक तीनपहिया वाहन, दो चारपहिया वाहन, तीन मोबाइल फोन, दो पासबुक और 2 लाख 11 हजार 580 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब से जुड़े मामलों में 77 और सूखा नशा से जुड़े मामलों में 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फरवरी से अब तक 2132 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कोसी क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। इस दौरान 71,219.455 लीटर अवैध शराब, 4,313.57 लीटर कफ सिरप, 6,468.205 किलोग्राम गांजा और 8,062.222 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है। अभियान के तहत अब तक 2,132 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसके अलावा नशीले इंजेक्शन, टैबलेट, हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन, वाहन, नाव, ट्रक, बैंक पासबुक और नकदी समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने 61 लाख 62 हजार 682 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा भी जब्त की है।
हेल्पलाइन पर दें सूचना
पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र कुमार आशीष ने लोगों से नशा कारोबार की सूचना पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है। इसके लिए 9060384865 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप के माध्यम से सूचना दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। विशेष उपलब्धि वाली सूचना देने वालों को उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।





