जामताड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत शुक्रवार को नाला प्रखंड क्षेत्र के दलाबड़ पंचायत सभागार में नो-मैपिंग मतदाताओं के लिए विशेष सुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दावे-आपत्तियों की सुनवाई की गई और उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
शिविर का संचालन डीपीआरओ पंकज कुमार रवि की देखरेख में पेशकार टीम द्वारा किया गया। इस दौरान नोटिस प्राप्त मतदाताओं को अपने पक्ष में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। टीम ने मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की बारीकी से जांच की और संबंधित अभिलेखों से उनका मिलान किया।
जानकारी के अनुसार, बूथ संख्या 271 के 102, बूथ संख्या 272 के 75 और बूथ संख्या 273 के 83 मतदाताओं को नो-मैपिंग के कारण नोटिस जारी किया गया था। इन तीनों बूथों से संबंधित कुल 260 मतदाता सुनवाई शिविर में पहुंचे और अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार दस्तावेजों का जन्मतिथि और उपलब्ध अभिलेखों से मिलान कर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके लिए आयोग द्वारा निर्धारित 11 मानक दस्तावेजों को आधार बनाया गया। इनमें जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, वंशावली, आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतियान और खजाना पर्चा सहित अन्य मान्य दस्तावेज शामिल हैं।
सुनवाई के दौरान पेशकार टीम ने प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनके दस्तावेजों की जांच की। साथ ही मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया और इसके तहत आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन का उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरा करना है। शिविर में पहुंचे मतदाताओं को भी प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और निर्धारित प्रक्रिया में सहयोग करने की जानकारी दी गई।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा






