**पलामू/झारखंड:** दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए फूड सेफ्टी विभाग ने पलामू जिले में विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को मेदिनीनगर के प्राइवेट बस स्टैंड स्थित मिठाई दुकानों में विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान चार से अधिक मिठाई दुकानों की जांच की गई, जिसमें करीब 300 किलो से अधिक मिठाइयां जब्त की गईं।
जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में लड्डू, पेड़ा, कलाकंद समेत विभिन्न प्रकार की मिठाइयां मिलीं। जिला फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. कुमार गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान मिठाइयों में अखाद्य रंगों के इस्तेमाल की बात सामने आई है। ऐसे रंगों का सेवन लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। विभाग ने संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और उन पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है।
जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि जब्त की गई मिठाइयां बाहर से मंगाई गई थीं। टीम ने मिठाइयों के कई नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। वहीं, जब्त मिठाइयों को नष्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस अभियान में प्रशिक्षु फूड सेफ्टी ऑफिसर संजीव कुमार उपाध्याय और ललिता कुमारी भी शामिल रहीं।
**त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर विभाग की नजर**
दीपावली के दौरान मिठाइयों की मांग काफी बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ बाजार में बेचने की कोशिश करते हैं। इसे रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग जिले के अलग-अलग इलाकों में लगातार जांच और छापेमारी कर रहा है।
विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, आम लोगों के बीच भी खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें इस्तेमाल किए गए रंगों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
**लोकेशन – पलामू, झारखंड**
**संवाददाता – सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट**






