कोईलवर। भोजपुर जिले के कोईलवर में हथियार और कारतूस तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी पुलिस को एक और सफलता मिली है। 19,250 कारतूस और लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार तीन अंतरराज्यीय तस्करों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुजफ्फरपुर के एक दंपती को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आसिफ अंसारी और उसकी पत्नी साजिदा खातून के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क में उनकी कथित भूमिका का पता लगा रही है।
कोईलवर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल के अनुसार, पहले गिरफ्तार किए गए तीनों तस्करों से पूछताछ और मिली जानकारी के आधार पर मुजफ्फरपुर के दंपती की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कारतूस की खरीद-बिक्री और सप्लाई नेटवर्क में उनकी क्या भूमिका थी।
मनभावन चौक के पास हुई थी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ पटना और कोईलवर पुलिस की संयुक्त टीम ने मनभावन चौक के पास छापेमारी की थी। इस दौरान एक चारपहिया वाहन से तीन अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के लालटू कुमार और सरस कुमार तथा सीवान जिले के तरवारा थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी चंदन तिवारी शामिल थे।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न बोर के कुल 19,250 कारतूस, एक लोडेड पिस्टल, एक चारपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद किए थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही थी कारतूस की खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कारतूस की बड़ी खेप उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही थी। इसकी सप्लाई मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में करने की योजना थी। पुलिस अब कारतूस के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
पांच मोबाइल फोन की जांच और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में लगी है। दंपती की गिरफ्तारी को इसी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।





