सहरसा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के सहरसा आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके स्वागत और प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। इसको लेकर रेनबो रिसोर्ट में पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें पूर्व विधायक डॉ. आलोक रंजन ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ. आलोक रंजन ने बताया कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सुबह 10 बजे तक जिला अतिथि गृह पहुंचेंगे। इसके बाद वे जिला परिषद परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। सभा के बाद सुबह 11 बजे जिला परिषद परिसर से पदयात्रा निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा डीबी रोड, शंकर चौक और सब्जी मार्केट होते हुए शहीद चौक पहुंचेगी। यहां देश के वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस कार्यक्रम में जिले की सभी पंचायतों से भाजपा के बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
डॉ. आलोक रंजन ने कहा कि इस पदयात्रा के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता एकजुटता का संदेश देंगे। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की अराजकता का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार संपर्क और तैयारी में जुटे हैं।





