जामताड़ा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जामताड़ा जिले के फतेहपुर थाना पुलिस की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक जामताड़ा के निर्देश पर आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेय ने किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर वाहन चालकों तथा आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
दोपहिया वाहन चालकों को वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और तेज रफ्तार से बचने की सलाह दी गई। इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पर निर्धारित नियमों के अनुसार वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करने की अपील की गई।
फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में आम लोगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यातायात नियमों की थोड़ी सी अनदेखी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करना भी है।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने लोगों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पर्चे भी वितरित किए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को चेतावनी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की नसीहत दी गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा






