
पलामू/झारखंड। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद पलामू के छतरपुर पूर्वी जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल बुधवार को प्रसिद्ध बंशीधर मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की खुशहाली, समृद्धि तथा लोगों के अमन-चैन की कामना की। इस दौरान चैंबर के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अमित कुमार जायसवाल की जीत के बाद चैंबर सदस्यों ने रमना से ही उनकी अगुआई की और उन्हें बंशीधर मंदिर से चैंबर कार्यालय तक ले जाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। बंशीधर नगर चैंबर के अध्यक्ष शंभूनाथ, सचिव गोपाल जायसवाल, संरक्षक उदय जायसवाल समेत दर्जनों सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अमित के पिता और पर्यावरणविद् डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने पर्यावरण धर्म के तहत मंदिर परिसर में हिमाचल के कपूर का पौधा प्रार्थना के साथ समर्पित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था के साथ पौधरोपण का संदेश समाज के लिए महत्वपूर्ण है।
रांची में आयोजित फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव में अमित कुमार जायसवाल को 59 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 30 मत प्राप्त हुए। इस तरह उन्होंने 29 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि अमित ने मुखिया, जिला परिषद सदस्य और अब चैंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में चार चुनाव लड़े हैं और चारों में जीत हासिल की है। उन्होंने इसे अमित की मेहनत, जनता के विश्वास और पारिवारिक संस्कारों का परिणाम बताते हुए इसे ‘जीत का चौका’ करार दिया।
मौके पर सूर्य प्रकाश, अनिकेत विश्वकर्मा, कामेश्वर प्रसाद, उमेश कुमार, सुनील कुमार, दीप जायसवाल, चंद्र प्रकाश जायसवाल, छोटू रंजन, राजन कुमार, विनोद कुमार कसेरा, मिकी जायसवाल, राकेश कुमार विश्वकर्मा, संजय कुमार, राकेश कुमार और ओम प्रकाश चौबे समेत कई लोग मौजूद रहे।
संवाददाता: सत्यम शुक्ला







