भागलपुर। रोगी कल्याण समिति के शासी निकाय की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को उप विकास आयुक्त-सह-उपाध्यक्ष, रोगी कल्याण समिति, सदर अस्पताल, भागलपुर के नेतृत्व में अस्पताल का निरीक्षण किया गया। समिति के सदस्यों ने अस्पताल के विभिन्न भवनों, स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुराने ओपीडी भवन, विक्टोरिया भवन और एमसीएच भवन के बाहरी हिस्से में रंग-रोगन, आवश्यक स्थानों पर मरम्मति कार्य, एसएनसीयू में फायर एग्जिट निर्माण, पंजीकरण काउंटर और एमसीएच भवन के समीप प्याऊ निर्माण तथा दवा वितरण काउंटर पर रेलिंग लगाने की जरूरत का आकलन किया गया। इन कार्यों को समिति की ओर से अनुमोदित किया गया।
समिति के सदस्यों ने आईसीयू, इमरजेंसी, जीविका की रसोई, दवा वितरण काउंटर और एसएनसीयू का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। इलाजरत मरीजों से बातचीत में उन्होंने बताया कि आवश्यक जांच और दवाएं अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं और उन्हें बाहर से दवा खरीदने की जरूरत नहीं पड़ रही है।
वर्तमान में सदर अस्पताल में चार दवा वितरण काउंटर संचालित हैं। मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दो अतिरिक्त दवा वितरण केंद्र शुरू करने की आवश्यकता जताई गई। इससे दवा लेने वाले मरीजों की प्रतीक्षा अवधि कम करने और काउंटरों पर भीड़ नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजू ने बताया कि जुलाई 2026 की तुलना में अगस्त 2026 में सदर अस्पताल से मरीजों के रेफरल में 72 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने इसे अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार सुविधाओं में सुधार का महत्वपूर्ण संकेतक बताया।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, भवन रख-रखाव और मरीजों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. राजू, रोहित पासवान, संजीव कुमार, प्रदीप कुमार सिंह, वंदना तिवारी, नितेश कुमार सिंह, मुकेश राणा, डॉ. गौतम कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।






