सहरसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को सहरसा सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों सहित दर्जनों युवाओं ने रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहरसा में आयोजित शिविर में युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। 76वें जन्मदिन के अवसर पर 76 लोगों से रक्तदान कराने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में पहुंचे छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक व्यक्ति के रक्तदान से जरूरतमंद मरीज की मदद हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुआ यह रक्तदान अभियान करीब एक महीने तक चलेगा और इस दौरान पार्टी की ओर से विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
वहीं, ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर विपक्ष की ओर से दिए गए बयानों पर विधायक ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई काम नहीं है, इसलिए अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। विधायक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दिन पहले दीप जलाए और आज रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि इन सेवा कार्यक्रमों में कितना खर्च हो रहा है और समाज के लिए किस तरह काम किया जा रहा है, यह विपक्ष को दिखाई क्यों नहीं देता।
नीरज कुमार सिंह बबलू ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को ‘मोतियाबिंद’ हो गया है और ऐसे लोगों को इसी अस्पताल में आकर अपना इलाज कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार और देश की जनता देख रही है कि भाजपा सरकार किस तरह काम कर रही है।
भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा ने युवाओं और आम लोगों से रक्तदान सहित अन्य सेवा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले अभियान के दौरान जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।






