
सहरसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान विभिन्न सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकार से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इसी को लेकर शुक्रवार को सहरसा अतिथि गृह में भाजपा के विधान पार्षद अनिल ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों से भी अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
एमएलसी अनिल ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष राष्ट्रसेवा, जनसेवा और अंत्योदय के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा और राष्ट्रहित की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। इस दौरान विभिन्न स्तरों पर जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम के रूप में घर-घर दीप जलाने की अपील की। अनिल ठाकुर ने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर पर एक दीप प्रज्वलित करे। यह दीप केवल जन्मदिवस के अवसर का प्रतीक नहीं होगा, बल्कि सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश भी देगा।
एमएलसी ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन से 17 सितंबर को अपने-अपने घरों में दीप जलाकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शाजन शर्मा, भैरव झा, सुगामणी देवी, राम प्रभा सिंह, जिला मंत्री सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।





