भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल स्थित खरीक थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट की इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मामला खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी गांव का है। बताया जा रहा है कि 8 सितंबर को जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अतिनंदन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अतिनंदन चौधरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल में इलाज के लिए रखा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सायन रजा ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक की पत्नी के आवेदन पर खरीक थाना में कांड संख्या 273/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवान चंद्र चौधरी, पिता रामनारायण चौधरी, निवासी तेलघी, थाना खरीक को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में जमीन बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर घटना की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने के साथ-साथ मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद तेलघी गांव में पुलिस की नजर बनी हुई है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।





