सहरसा। नवहट्टा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट और कथित चाकूबाजी की घटना में 35 वर्षीय युवक नितिश कुमार की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान नगर पंचायत के बालु टोला वार्ड नंबर-9 निवासी राजिंद्र महतो के पुत्र नितिश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नितिश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत के बाद बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार देर शाम नितिश कुमार और मिथुन काम से घर लौटे थे। इसी दौरान घरेलू विवाद को लेकर परिवार में कहासुनी शुरू हो गई। नितिश कुमार विवाद को शांत कराने और परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान विवाद अचानक हिंसक हो गया और मिथुन के परिवार के करीब छह लोगों ने नितिश समेत अन्य लोगों पर चाकू, कचिया और दबिया से हमला कर दिया।
हमले में नितिश के छाती, पेट और हाथ में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे आनन-फानन में नवहट्टा पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं घटना में लिलम देवी, शंकर महतो और चंपा देवी भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस पर समय पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जांच की जा रही है।
सहरसा एसपी ने बताया कि घरेलू विवाद के कारण यह घटना हुई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जानकारी शुक्रवार को सहरसा में वरीय पुलिस पदाधिकारी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।






