नौकरी में भ्रष्टाचार के खिलाफ देवेंद्र महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा धनबाद पहुंची, युवाओं की योग्यता के आधार पर नौकरी की मांग

धनबाद : झारखंड में भर्ती व्यवस्था में सुधार और नौकरी में भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्र नेता देवेंद्र महतो की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के नौवें दिन धनबाद पहुंचने पर युवाओं और स्थानीय लोगों से संवाद किया गया। यात्रा के दौरान देवेंद्र महतो ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार देने की मांग उठाई।

 

Sponsored Advertisement

मीडिया से बातचीत करते हुए देवेंद्र महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा अब संथाल परगना और उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने शिक्षाविद् और झारखंड आंदोलन के प्रेरणास्रोत रहे बिनोद बिहारी महतो के संदेश “पढ़ो और लड़ो” को याद करते हुए कहा कि आज के युवाओं को शिक्षा के साथ अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना होगा।

 

देवेंद्र महतो ने दावा किया कि भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान को राज्यभर के युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। विशेष रूप से संथाल परगना के विभिन्न जिलों में युवाओं ने उनसे इस आंदोलन को उसके अंजाम तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल देवेंद्र महतो की नहीं है, बल्कि पूरे झारखंड के उन युवाओं की आवाज है जो मेहनत और योग्यता के आधार पर नौकरी पाना चाहते हैं।

 

उन्होंने कहा कि किसी भी युवा का भविष्य पैसे और पहुंच के आधार पर तय नहीं होना चाहिए। नौकरी पाने का अधिकार केवल प्रतिभा, मेहनत और योग्यता के आधार पर मिलना चाहिए। देवेंद्र महतो ने आरोप लगाया कि सरकार से जुड़े कुछ लोगों ने नौकरी को कारोबार बना दिया है।

 

उन्होंने भर्ती से जुड़े मामलों की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर के लोगों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। भर्ती प्रक्रिया में यदि बड़े नेताओं या अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उनकी भी जांच कर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

 

देवेंद्र महतो ने बताया कि भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा अब तक झारखंड के 24 जिलों में से 12 जिलों का दौरा पूरा कर चुकी है। मंगलवार को यात्रा बलियापुर स्थित बिनोदधाम से शुरू हुई। इसके बाद किसान चौक और मनिंद्र चौक होते हुए यात्रा रणधीर वर्मा चौक पहुंची। वहां से पुटकी के प्रभु चौक पर लोगों से संवाद करने के बाद देवेंद्र महतो और उनकी टीम बोकारो के लिए रवाना होगी।

 

भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जारी यह यात्रा आने वाले दिनों में राज्य के अन्य जिलों तक भी पहुंचेगी।

Related Posts

धनबाद स्टेशन पर शराब तस्करी का खुलासा, ट्रेन से 130 लीटर शराब-बीयर बरामद

धनबाद स्टेशन पर शराब तस्करी का खुलासा, ट्रेन से 130 लीटर शराब-बीयर बरामद

बापू धाम महोत्सव में मैथिली ठाकुर ने लोकगीतों से बांधा समां, झूम उठे दर्शक

मोतिहारी। शहर के गांधी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय बापू धाम महोत्सव के पहले दिन लोक गायिका और विधायक मैथिली ठाकुर ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *