औरंगाबाद: स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले बिहार के औरंगाबाद जिले में पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। देव प्रखंड के कंचनपुर थाना क्षेत्र के बंगला बगीचा जंगल और पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियार और उसके कुछ महत्वपूर्ण पुर्जे बरामद किए हैं। खास बात यह है कि औरंगाबाद जिले को पूर्ण रूप से नक्सल मुक्त घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद जंगल और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बरत रही हैं।
जंगल में चलाया गया सघन तलाशी अभियान
बिहार पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने कंचनपुर गांव से बंगला बगीचा की ओर जाने वाले जंगली रास्ते और आसपास के पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को संदिग्ध सामान मिला, जिसकी जांच करने पर हथियार और उसके पुर्जे बरामद हुए।
कार्बाइन समेत कई सामान बरामद
अभियान में एक पुलिस कार्बाइन, एक मैगजीन स्लाइड और एक स्प्रिंग बरामद किया गया। बरामद कार्बाइन के ब्रीच ब्लॉक पर Arsenal No. ICR 1098-8335 अंकित है। वहीं, मैगजीन लॉकिंग के ऊपर 9 MM Carbine Sub Matching 001996 लिखा हुआ पाया गया। पुलिस ने सभी बरामद सामान को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आसपास के इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
हथियार मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में निगरानी और सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। आसपास के जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार और उसके पुर्जे वहां कब और कैसे पहुंचे।
कंचनपुर थाना प्रभारी सुवास कुमार ने बताया कि लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी महत्वपूर्ण सुराग या सामान बरामद होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि जंगली और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संवेदनशील इलाकों में विशेष चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संभावित गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके।






