वैशाली: कर्नाटक के बीदर में SBI की कैश वैन से करोड़ों रुपये की लूट और गार्ड की हत्या के मामले में बिहार के वैशाली से दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कर्नाटक STF ने अमन कुमार और उसके साथी आलोक कुमार उर्फ आशुतोष उर्फ अंबानी को पकड़ा है। दोनों पर कुल 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तारी के दौरान कर्नाटक पुलिस की टीम को ग्रामीणों के विरोध और मारपीट का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे, इसलिए ग्रामीण उन्हें बदमाश समझ बैठे। इसी दौरान आरोपी और उसके समर्थकों ने पुलिस टीम से भिड़ने की कोशिश की। बाद में पुलिसकर्मियों ने अपना परिचय पत्र दिखाया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
बताया गया कि इस झड़प में एक पुलिसकर्मी का हाथ टूट गया, जबकि एक अन्य जवान घायल हो गया। घायल अवर निरीक्षक अमित कुमार को स्थानीय पुलिस की मदद से हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कर्नाटक ले जाया गया।
कर्नाटक पुलिस पिछले करीब एक साल से इस इलाके में आरोपियों की तलाश और रेकी कर रही थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद टीम ने वैशाली में छापेमारी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, 16 जनवरी 2025 को बीदर में SBI की मुख्य शाखा के ATM के पास कैश वैन पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला किया था। बदमाशों ने फायरिंग और मिर्च पाउडर का इस्तेमाल कर कैश ट्रंक लूट लिया था। इस घटना में दो सुरक्षा गार्डों की मौत हुई थी और करीब 83 से 93 लाख रुपये लूटे गए थे।
लूट के अगले दिन 17 जनवरी को आरोपियों के हैदराबाद के अफजलगंज में भी एक शूटआउट में शामिल होने की बात सामने आई थी। पुलिस को आशंका थी कि वारदात के पीछे बिहार का एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह है।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कर्नाटक पुलिस ने बीदर में घटनास्थल का क्राइम सीन रीक्रिएट कर जांच आगे बढ़ाई है।






