धनबाद: धनबाद में गुरुवार को भाजपा की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब पार्टी के दो कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। जिला परिषद मैदान से तिरंगा यात्रा शुरू होने के दौरान भाजपा कार्यकर्ता अमरजीत कुमार और रीता यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों कार्यकर्ता एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
बताया गया कि तिरंगा यात्रा जिला परिषद मैदान से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक होते हुए सिटी सेंटर तक निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय कर रहे थे। यात्रा शुरू होने के दौरान ही दोनों कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान डंडे से हमला भी किया गया।
अमरजीत कुमार ने आरोप लगाया कि रीता यादव ने उनसे कहा कि उनके कहने पर तिरंगा यात्रा निकाली गई है। अमरजीत के मुताबिक, इस दौरान उन्हें अपशब्द भी कहे गए। उन्होंने रीता यादव से भाषा सुधारकर बात करने को कहा और स्पष्ट किया कि यात्रा भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में निकाली जा रही है। उनके अनुसार, इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद भाजपा के अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया। हालांकि विवाद के बावजूद तिरंगा यात्रा निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ती रही।
मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बीच कभी-कभी छोटी-मोटी कहासुनी या ऊंच-नीच हो जाती है। दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। उन्होंने कहा कि विवाद किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।






