सहरसा जिले में सांप के डसने की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। रात में सो रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। हैरानी की बात यह रही कि सांप के डसने के बाद बुजुर्ग घबराए नहीं, बल्कि हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया और एक डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद परिजनों को जानकारी दी और इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल बुजुर्ग का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है।
जख्मी बुजुर्ग की पहचान मौसी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-6 निवासी स्वर्गीय सेवक दास शर्मा के 60 वर्षीय पुत्र भजन शर्मा के रूप में हुई है। भजन शर्मा ने बताया कि वह रात में खाना खाने के बाद अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान मच्छरदानी में बने एक छेद के रास्ते करैत सांप अंदर घुस गया।
बताया गया कि रात करीब तीन बजे सांप ने भजन शर्मा के पीठ और कंधे के पास डस लिया। सांप के डसने का अहसास होते ही उन्होंने हिम्मत दिखाई और सांप को पकड़ लिया। इसके बाद उसे एक डिब्बे में बंद कर दिया, ताकि उसकी पहचान की जा सके। फिर उन्होंने परिवार के सदस्यों को जगाकर सांप के काटने की जानकारी दी।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बुजुर्ग को इलाज के लिए महिषी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बुजुर्ग अपने साथ सांप को भी डिब्बे में बंद करके अस्पताल पहुंचे।
सहरसा सदर अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. कुमार सोनू ने बताया कि मरीज को जहरीले सांप ने डसा है और उनकी स्थिति गंभीर थी। उन्हें एंटी-स्नेक वेनम दिया जा रहा है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। चिकित्सक ने बताया कि फिलहाल मरीज को सोने से मना किया गया है और अगले 12 से 14 घंटे महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फिलहाल भजन शर्मा का इलाज जारी है। वहीं, घटना के बाद से परिवार के लोग भी काफी चिंतित हैं।






