बेतिया: अगर प्लेटफॉर्म पहुंचने से पहले ट्रेन खुल जाए, तो यात्री के सामने दूसरी ट्रेन या किसी अन्य साधन से गंतव्य तक पहुंचने का विकल्प ही बचता है. लेकिन बेतिया में सामने आए एक वायरल वीडियो ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में रेलवे फाटक के बीच ट्रेन रुकती दिखाई दे रही है और कुछ लोग ट्रैक के पास से ट्रेन में सवार होते नजर आ रहे हैं.

कुमारबाग रेलवे फाटक का बताया जा रहा वीडियो

Sponsored Advertisement

वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह बेतिया के कुमारबाग स्टेशन के पास स्थित रेलवे फाटक का है. वीडियो में फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार दिखाई दे रही है. रेलवे फाटक बंद है और लोग ट्रेन के गुजरने का इंतजार कर रहे हैं. इसी दौरान फाटक के अंदर कुछ लोग बैग लेकर रेलवे ट्रैक के आसपास खड़े दिखाई देते हैं.

फोन पर बात करने के बाद ट्रेन की ओर इशारा

वीडियो में ट्रेन आने की आवाज सुनाई देती है. तभी वहां मौजूद एक व्यक्ति अपना मोबाइल निकालकर किसी से फोन पर बात करता है. इसके बाद वह ट्रेन की ओर हाथ से इशारा करता दिखाई देता है. वीडियो में मौजूद कुछ लोगों का दावा है कि इस व्यक्ति ने कथित तौर पर ट्रेन के ड्राइवर से फोन पर बात की थी.

फाटक के बीच रुक गई ट्रेन

कुछ ही देर बाद ट्रेन रेलवे फाटक के पास पहुंचती है और रुक जाती है. इसके बाद ट्रैक के पास खड़े कुछ यात्री ट्रेन में चढ़ते दिखाई देते हैं. फाटक पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल होने लगा.

वीडियो सामने आने के बाद लोग रेलवे से इस मामले की जांच की मांग कर रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि ट्रेन रेलवे फाटक के बीच क्यों रुकी? क्या वास्तव में किसी फोन कॉल के बाद ट्रेन को रोका गया था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी? फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

‘सीतामढ़ी जिला’ नाम के एक एक्स हैंडल से भी वीडियो शेयर किया गया. पोस्ट पर रेल सेवा ने समस्तीपुर रेलवे डिविजन को टैग करते हुए जवाब दिया कि संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जा रहा है. अब जांच के बाद ही साफ होगा कि वीडियो में दिखाई दे रही घटना की वास्तविक वजह क्या थी.

सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कोई इसे लोको पायलट से कथित पहचान का मामला बता रहा है, तो कोई अलग-अलग तरह के दावे कर रहा है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.