मधुबनी में रफ्तार का कहर: मॉर्निंग वॉक पर निकली तीन महिलाओं की मौत, स्कॉर्पियो चालक फरार

मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिले में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के धकजरी-बेनीपट्टी मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मॉर्निंग वॉक से लौट रही तीन महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब छह महिलाएं रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। सभी महिलाएं टहलने के बाद अपने घर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान धकजरी-बेनीपट्टी रोड पर अचानक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और समूह में शामिल तीन महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

Sponsored Advertisement

मृतकों की पहचान अरेर थाना क्षेत्र के धकजरी नवटोली गांव निवासी 42 वर्षीय रीता देवी, 40 वर्षीय किरण देवी और 70 वर्षीय फूल दाई देवी के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं एक ही गांव की रहने वाली थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर पहुंच गई।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और दोषी चालक की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग करने लगे। सड़क जाम होने के कारण जगदंबा पेट्रोल पंप के पास दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही बेनीपट्टी और अरेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बेनीपट्टी डीसीपी अमित कुमार डलवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित लोगों और मृतकों के परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश तेज कर दी गई है। हादसे के बाद धकजरी नवटोली गांव में मातम पसरा है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Posts

असिस्टेंट प्रोफेसर बहाली की मांग को लेकर शोधार्थियों का आमरण अनशन, 6 दिन से जारी आंदोलन

असिस्टेंट प्रोफेसर बहाली की मांग को लेकर शोधार्थियों का आमरण अनशन, 6 दिन से जारी आंदोलन

खगड़िया में फर्जी IAS अधिकारी के घर छापा, ‘भारत सरकार’ बोर्ड वाली Tesla समेत विदेशी शराब और बारहसिंघा के सींग बरामद

खगड़िया में फर्जी IAS अधिकारी के घर छापा, ‘भारत सरकार’ बोर्ड वाली Tesla समेत विदेशी शराब और बारहसिंघा के सींग बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *