निर्माणाधीन पुल में लापरवाही का आरोप: सड़क धंसी, गरीब का घर कटाव की चपेट में आया; भैंस की मौत

सहरसा: जिले के नवहट्टा प्रखंड अंतर्गत कासीमपुर पंचायत के डुमरा गांव में निर्माणाधीन पुल के कार्य में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। पानी निकासी के लिए सड़क काटकर बनाए गए कलवर्ट के पास लगातार पानी के बहाव और सीपेज के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। सड़क धंसने के साथ ही आसपास कटाव तेज हो गया, जिसकी चपेट में एक गरीब परिवार का घर भी आ गया। इसी दौरान सड़क धंसने से एक भैंस नीचे जा गिरी, जिससे उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार, डुमरा गांव में निर्माणाधीन पुल के दौरान पानी की निकासी के लिए सड़क को काटकर कलवर्ट बनाया गया था। आरोप है कि कलवर्ट के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लगातार पानी के बहाव और सीपेज के कारण मिट्टी का कटाव शुरू हुआ और देखते ही देखते सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर धंस गया।

सड़क के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। वहीं, सड़क किनारे स्थित एक गरीब परिवार का घर भी कटाव की जद में आ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा और कटावरोधी व्यवस्था की जाती तो नुकसान को रोका जा सकता था।

Sponsored Advertisement

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीती रात एक किसान अपनी भैंस को सड़क पार करा रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क धंस गई और भैंस नीचे जा गिरी। हादसे में किसान बाल-बाल बच गया, जबकि भैंस की मौत हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद भैंस को बाहर निकाला। पीड़ित परिवार के अनुसार, भैंस की कीमत करीब एक लाख रुपये थी। परिवार ने निर्माण कार्य में कथित लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए नुकसान की भरपाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पिछले कई महीनों से बाधित है और कई बार शिकायत के बावजूद क्षतिग्रस्त हिस्से की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई।

घटना की जानकारी मिलने पर नवहट्टा की प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रिया भारती मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, कटाव रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कटाव और बढ़ सकता है, जिससे आसपास के अन्य घरों को भी खतरा हो सकता है।

Related Posts

सोन नदी में डुबिया मशीन से अवैध बालू खनन, 13 गिरफ्तार; बालू लदी मशीन जब्त

भोजपुर। सोन नदी में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस एवं खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कोईलवर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात संयुक्त टीम ने…

नाला CHC में नवजात के इलाज में देरी का आरोप, दो घंटे इंतजार कराने पर परिजनों का हंगामा; प्रभारी बोले- आरोप बेबुनियाद

जामताड़ा। नाला प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे गंभीर हालत में अस्पताल लाए गए एक…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *