सहरसा के पूजा रिसॉर्ट में अखिल भारतीय रौनियार वैश्य महासभा का भव्य जिला स्तरीय महासम्मेलन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में समाज के बड़ी संख्या में लोगों के साथ पदाधिकारी, वरिष्ठजन और युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, मजबूत संगठन, शिक्षा, सामाजिक विकास और युवाओं की भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन का आयोजन प्रदेश उपाध्यक्ष बजरंग गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज को संगठित और मजबूत बनाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए युवा जिला अध्यक्ष रवि गुप्ता ने समाज के युवाओं से एकजुट होकर समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और मजबूत संगठन होता है। उन्होंने समाज के लोगों से व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक हित में काम करने का आह्वान किया।
प्रमंडल अध्यक्ष विजय गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारियों और वरिष्ठ समाजबंधुओं ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। वक्ताओं ने सामाजिक उत्थान, शिक्षा के प्रसार और युवाओं को संगठन से जोड़ने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। सम्मेलन में मौजूद समाजबंधुओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस दौरान आगामी नवंबर में पटना के गांधी मैदान में रौनियार समाज की भव्य रैली आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। बताया गया कि रैली को लेकर विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों और समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संवाददाता – इन्द्रदेव जी सहरसा





