मध्यप्रदेश के इंदौर में 26 वर्षीय बैंककर्मी पलक केशव की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मयंक शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पलक से शादी करना चाहता था, लेकिन बार-बार इनकार किए जाने से नाराज होकर उसने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने पूरे मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में उसकी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस के अनुसार, पलक और मयंक पिछले करीब पांच वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। मयंक लगातार शादी का दबाव बना रहा था, जबकि पलक इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। घटना वाले दिन मयंक करीब 485 किलोमीटर दूर दतिया से इंदौर पहुंचा और दोनों के बीच फिर शादी को लेकर कहासुनी हुई। गुस्से में आकर उसने पलक का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की, ताकि मामला दुर्घटना या आग लगने की घटना लगे। जांच के दौरान पुलिस को कमरे में गैस का बर्नर खुला मिला और पलक के सिर पर चोट के निशान भी मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस का शक हत्या की ओर गया।
यह घटना इंदौर के तपेश्वरी बाग क्षेत्र की है, जहां पलक किराए के कमरे में रहती थी। उसका जला हुआ शव मिलने के बाद आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले मयंक शाक्य पलक से मिलने उसके कमरे पर आया था। सीसीटीवी फुटेज से भी इसकी पुष्टि हुई।
फिलहाल पुलिस आरोपी को दतिया से इंदौर लाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।






