पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार अंग्रेजी शराब, स्प्रिट, खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के रैपर और झारखंड सरकार के लोगो वाले स्टीकर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पांकी थाना कांड संख्या 123/2026 दिनांक 22 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा झारखंड उत्पाद (संशोधन) अधिनियम, 2015 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 22 जुलाई की शाम करीब 3:30 बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पांकी थाना क्षेत्र के जिरो टोला, बधमरी स्थित लाला सिंह की दुकान में अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज प्रशांत कुमार-2 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दुकान बंद मिली। तलाशी के दौरान अंदर से भारी मात्रा में अवैध शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से 13 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, पांच गैलन में लगभग 250 लीटर स्प्रिट, स्टर्लिंग रिजर्व, मास्टर ब्लेंडर्स सिग्नेचर और रॉयल स्टैग समेत विभिन्न ब्रांडों के रैपर, झारखंड सरकार के लोगो वाले 1,940 स्टीकर, शराब में रंग मिलाने के लिए रंगीन पदार्थ तथा 1,530 खाली कांच की बोतलें बरामद की हैं। बरामद सामग्री से आशंका जताई जा रही है कि नकली शराब तैयार कर उसे असली ब्रांड के नाम पर बाजार में बेचा जा रहा था।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार-2, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, नवल किशोर दुबे, हवलदार राजेश बरवा सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
संवाददाता: सत्यम शुक्ला, पलामू





