जामताड़ा अस्पताल विवाद पर गरमाई सियासत, फुरकान अंसारी बोले- इलाज की जगह को राजनीति का अखाड़ा न बनाएं

जामताड़ा सदर अस्पताल में हाल ही में हुई तोड़फोड़, हंगामे और डॉक्टरों के साथ कथित अभद्रता की घटना अब राजनीतिक रंग लेती जा रही है। बुधवार को पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीड़ित परिवार की मदद के नाम पर कुछ लोग अस्पताल के माहौल को खराब कर नफरत की राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं।

 

Sponsored Advertisement

फुरकान अंसारी ने कहा कि अस्पताल मरीजों के इलाज की जगह है, न कि राजनीतिक प्रदर्शन या टकराव का मंच। उन्होंने कहा कि देश को हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद और नफरत की राजनीति से नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और विकास की सोच से आगे बढ़ाया जा सकता है।

 

पूर्व सांसद ने बताया कि घटना के समय वह जिले से बाहर थे। लौटने के बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उनके अनुसार, परिवार ने स्पष्ट कहा कि उन्हें अस्पताल प्रबंधन या डॉक्टरों से कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि परिवार ने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक लोग उन्हें भड़काने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वे किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते।

 

प्रेस वार्ता के दौरान अंसारी ने कम उम्र में विवाह और लगातार गर्भधारण को भी गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्या बताया। उन्होंने कहा कि संबंधित महिला की शादी कम उम्र में हुई और 18 वर्ष की आयु तक वह तीन बार मां बन चुकी हैं, जिससे मां और नवजात दोनों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। उन्होंने समाज से इस विषय पर जागरूक होने की अपील की।

 

अस्पताल में हुई तोड़फोड़, इलाज में बाधा और महिला डॉक्टर के साथ कथित बदसलूकी की उन्होंने कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर हिंसा और अव्यवस्था किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

 

फुरकान अंसारी ने कहा कि घटना को लेकर दर्ज प्राथमिकी की जानकारी उन्हें मिली है। वह जल्द ही डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन से मुलाकात कर आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास करेंगे, ताकि जिले में शांति और सौहार्द बना रहे। उन्होंने कहा कि जामताड़ा भाईचारे की धरती है और यहां नफरत की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है।

 

इस प्रेस वार्ता में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष विजय दुबे, जिला प्रवक्ता इरशाद-उल-हक अर्शी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

संवाददाता: संतोष कुमार, जामताड़ा

  • Related Posts

    जामताड़ा के जिला स्कूल में सड़क सुरक्षा पर क्विज प्रतियोगिता, ग्रुप सी ने मारी बाजी

    जामताड़ा। जिला स्कूल (स्कूल ऑफ एक्सीलेंस) में जिला परिवहन विभाग और वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में…

    जामताड़ा में भाजपा की बैठक, 11 सितंबर के धरना-प्रदर्शन को लेकर बनी रणनीति; छात्र मुद्दे पर सरकार को घेरा

    जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी जामताड़ा जिला इकाई की महत्वपूर्ण मासिक बैठक बुधवार को बुधुडीह स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। बैठक…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *