बिहार में हाई अलर्ट: CM सम्राट चौधरी को ईमेल से जान से मारने की धमकी, गया डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को RDX से उड़ाने की चेतावनी


बिहार में सोमवार को धमकी भरे ईमेल मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ईमेल के जरिए जान से मारने और मुख्यमंत्री आवास व सीएमओ को उड़ाने की धमकी दी गई है। वहीं गया के प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को भी आरडीएक्स से उड़ाने की चेतावनी मिली है। धमकी मिलने के बाद पटना और गया में पुलिस, बम निरोधक दस्ते और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई की सुबह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान समर्थक बताते हुए मुख्यमंत्री आवास और मुख्यमंत्री कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही है। ईमेल में संजय वर्मा नामक व्यक्ति का जिक्र करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही दावा किया गया है कि वह बिहार में छिपा है और उसने खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या करवाई थी। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

उधर गया में भी प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने से प्रशासन सतर्क हो गया है। गया के वरीय डाकपाल प्रणव कुमार झा ने बताया कि यह ईमेल पटना सर्किल स्तर से प्राप्त हुआ है। ईमेल में दावा किया गया है कि दक्षिण भारतीय अभिनेत्री निवेदा पेशुराज द्वारा पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी किए जाने के विरोध में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और डाकघर को निशाना बनाया जाएगा।

धमकी मिलने के बाद गया प्रधान डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। पुलिस लाइन से बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर भेजी जा रही है और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जांच जारी है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही से बचते हुए पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं।

Related Posts

सहरसा: चारों ओर बाढ़, फिर भी नहीं थमी पढ़ाई; शिक्षक जोखिम उठाकर पहुंच रहे विद्यालय

सहरसा: चारों ओर बाढ़, फिर भी नहीं थमी पढ़ाई; शिक्षक जोखिम उठाकर पहुंच रहे विद्यालय

भागलपुर काजीवलीचक बम ब्लास्ट: 2022 के भीषण विस्फोट मामले में दो दोषियों को सजा, विस्फोटक अधिनियम में 10-10 साल की कैद

भागलपुर काजीवलीचक बम ब्लास्ट: 2022 के भीषण विस्फोट मामले में दो दोषियों को सजा, विस्फोटक अधिनियम में 10-10 साल की कैद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *