विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बोकारो जिला प्रशासन ने समाहरणालय परिसर में 24×7 हेल्पलाइन कॉल सेंटर की शुरुआत की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को फीता काटकर हेल्पलाइन का विधिवत उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी हर जानकारी समय पर उपलब्ध कराना तथा गणना प्रपत्र से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
हेल्पलाइन के शुभारंभ के तुरंत बाद पहली कॉल 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र के चास निवासी तापेश कुमार की आई। विशेष बात यह रही कि इस पहली कॉल का जवाब स्वयं जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने दिया। कॉल के दौरान तापेश कुमार ने गणना प्रपत्र तथा पूर्व में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान की गई मैपिंग को लेकर अपनी जिज्ञासा व्यक्त की। उपायुक्त ने पूरे धैर्य के साथ उन्हें प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी और उनकी सभी शंकाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि यदि उन्हें गणना प्रपत्र प्राप्त करने, उसे भरने, जमा करने या एसआईआर-2026 अभियान से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता की आवश्यकता हो, तो वे 24 घंटे संचालित हेल्पलाइन का अधिकतम उपयोग करें।
उन्होंने कहा कि इस हेल्पलाइन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक मतदाता तक सही, प्रमाणिक और समयबद्ध जानकारी पहुंचाना है, ताकि किसी भी नागरिक को निर्वाचन प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को अधिक पारदर्शी, सुगम, प्रभावी और नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक आवश्यक सहायता पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो







