दरभंगा में ‘चोटी कटवा’ का खौफ बरकरार, अब गोविंदपुर में घर में घुसकर मचाया उत्पात; पुलिस ने गठित की जांच टीम

दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में रहस्यमयी ‘चोटी कटवा’ की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। पहले डरहार गांव में चोरी और महिलाओं के बाल काटे जाने की घटनाओं से लोग सहमे हुए थे, वहीं अब गोविंदपुर गांव में एक अज्ञात युवक के घर में घुसकर उत्पात मचाने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।

 

जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर निवासी प्रशांत कुमार चौधरी के घर सोमवार देर रात करीब 11 बजे एक अज्ञात युवक घुस गया। उस समय घर की एक युवती जाग रही थी। जैसे ही उसकी नजर युवक पर पड़ी, उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही युवक ने घर में रखी टेबल, कुर्सी सहित अन्य सामान को पटककर तोड़फोड़ शुरू कर दी। परिवार के लोग जब तक उसे पकड़ने का प्रयास करते, वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना से घबराकर एक युवती बेहोश हो गई।

 

पीड़ित परिवार का कहना है कि युवक ने मुंह पर गमछा बांध रखा था और वह काले रंग की टी-शर्ट तथा हाफ पैंट पहने हुए था। परिजनों ने बताया कि डरहार गांव में पहले भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण गोविंदपुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल है।

 

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है।

 

इधर, सदर डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार ने भी कहा कि अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

संवाददाता : इन्द्रदेव जी, सहरसा

Related Posts

पटना में थानाध्यक्ष 27 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

पटना में थानाध्यक्ष 27 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

NEET में असफलता के बाद घर छोड़ बना साधु, एक साल बाद वृंदावन से मिला छात्र; तलाश में गया भाई भी पहन चुका था भगवा

NEET में असफलता के बाद घर छोड़ बना साधु, एक साल बाद वृंदावन से मिला छात्र; तलाश में गया भाई भी पहन चुका था भगवा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *