कोसी क्षेत्र के विकास, जनसेवा और लंबे राजनीतिक अनुभव के लिए मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता दिनेश चंद्र यादव को सहरसा में आयोजित भव्य समारोह में ‘कोशी रत्न सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। कोसी विकास संघर्ष मोर्चा, सहरसा एवं समस्त कोसीवासियों की ओर से पूजा बैंक्वेट हॉल में आयोजित इस समारोह में सहरसा, मधेपुरा, सुपौल सहित पूरे कोसी क्षेत्र से हजारों लोग शामिल हुए और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
आयोजकों ने बताया कि यह सम्मान दिनेश चंद्र यादव को पिछले 36 वर्षों के राजनीतिक जीवन में क्षेत्र के विकास, जनसेवा, सरल व्यक्तित्व और जनता के प्रति समर्पित कार्यशैली के लिए प्रदान किया गया। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में कोसी क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का कार्य किया है और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं।
दिनेश चंद्र यादव ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 1990 में सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में की थी। इसके बाद वे चार बार विधायक, दो बार बिहार सरकार में मंत्री तथा कई बार मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए। संसदीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने रेल मंत्रालय की सलाहकार समिति, गृह मामलों की संसदीय समिति सहित कई महत्वपूर्ण समितियों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
समारोह में वक्ताओं ने विशेष रूप से सहरसा-मानसी रेल दोहरीकरण परियोजना सहित सड़क, रेल और अन्य आधारभूत संरचना के विकास में उनके योगदान का उल्लेख किया। कहा गया कि उनके प्रयासों से कोसी क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को गति मिली, जिससे लाखों लोगों को लाभ पहुंचा।
आयोजकों के अनुसार, कोसी की धरती पर पहली बार किसी जनप्रतिनिधि को इतने बड़े स्तर पर ‘कोशी रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। समारोह में मौजूद लोगों ने इसे कोसी क्षेत्र के विकास और जनविश्वास का सम्मान बताते हुए दिनेश चंद्र यादव के कार्यों की सराहना की।
संवाददाता : इन्द्रदेव जी







