बोकारो में ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की गई जान, पहचान में जुटी पुलिस

बोकारो जिले के गोमोह–बरकाकाना रेलखंड पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह स्थित पोल संख्या 39/13-14 के पास कोणार साइडिंग, बड़वाबेड़ा के समीप हुई। रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर अपने कब्जे में लिया। मृतक की उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है। उसने काले रंग की पैंट तथा सफेद, काले और पीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। हादसे में उसका दाहिना पैर पूरी तरह कट गया था। पुलिस को मृतक के दाहिने हाथ पर “करण” नाम गुदा हुआ मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना पुलिस और गोमिया से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य माध्यमों से मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

बोकारो थर्मल थाना के एसआई रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत होता है। हालांकि युवक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मौके पर एएसआई भगवान कामत, स्थानीय पुलिस बल तथा गोमिया आरपीएफ के जवान मौजूद रहे।

 

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक की पहचान के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल बोकारो थर्मल थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि शव की पहचान कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।

 

संवाददाता : चंदन सिंह

Related Posts

SIR फॉर्म के नाम पर अवैध वसूली पर प्रशासन का एक्शन, धनबाद में साइबर कैफे सील

SIR फॉर्म के नाम पर अवैध वसूली पर प्रशासन का एक्शन, धनबाद में साइबर कैफे सील

पलामू के चियांकि में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प, पथराव में कई पुलिसकर्मी व ग्रामीण घायल

पलामू के चियांकि में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प, पथराव में कई पुलिसकर्मी व ग्रामीण घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *