
धनबाद जिले में SIR फॉर्म भरने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वासेपुर इलाके में शिकायत मिलने के बाद एसडीएम लोकेश बारंगे के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर गल्फ जॉब कैफे को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि साइबर कैफे में SIR प्रक्रिया के तहत फॉर्म भरने के बदले लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं। छापेमारी में आरोप सही मिलने पर मौके पर ही कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि SIR प्रक्रिया से जुड़ा कोई भी अधिकृत कार्य पूरी तरह निःशुल्क है और इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क लेना गैरकानूनी है।
एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद संबंधित साइबर कैफे को सील कर दिया गया। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि SIR से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि साइबर कैफे में गलत जानकारी भरे जाने की भी आशंका रहती है और पैसे लेकर इस तरह का कार्य करना पूरी तरह अवैध है। भविष्य में भी ऐसी शिकायतें मिलने पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था SIR फॉर्म भरने के नाम पर पैसे की मांग करे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।





