रामगढ़ में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, अर्धनिर्मित पिस्टल, मैगजीन और स्कूटी बरामद; दंपति गिरफ्तार

रामगढ़ पुलिस को अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। रामगढ़ और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण और एक स्कूटी बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक दंपति को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

 

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दत्तो क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की गई। जांच के दौरान पता चला कि एक लोहार की दुकान और घर की आड़ में लंबे समय से अवैध हथियार बनाने का कारोबार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से तीन अर्धनिर्मित पिस्टल बॉडी, नौ मैगजीन, एक स्कूटी तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त कई मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

 

इस मामले में पुलिस ने दिनेश विश्वकर्मा और उनकी पत्नी नूतन देवी को गिरफ्तार किया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवैध हथियारों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

 

पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों और उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक इस फैक्ट्री में कितने हथियार तैयार किए गए और उनकी आपूर्ति किन लोगों तक की गई। मामले में आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

 

रामगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

 

संवाददाता: राजीव सिंह, रामगढ़

Related Posts

नाला की मासिक गुरुगोष्ठी में बीईईओ सख्त, स्कूलों में 100% उपस्थिति और नियमित एमडीएम संचालन के दिए निर्देश

नाला की मासिक गुरुगोष्ठी में बीईईओ सख्त, स्कूलों में 100% उपस्थिति और नियमित एमडीएम संचालन के दिए निर्देश

धनबाद मंडल संसदीय समिति की बैठक में उठी रेलवे जोन की मांग, सांसदों ने नई ट्रेनों और यात्री सुविधाओं पर रखा जोर

धनबाद मंडल संसदीय समिति की बैठक में उठी रेलवे जोन की मांग, सांसदों ने नई ट्रेनों और यात्री सुविधाओं पर रखा जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *