TRE-4 पर शिक्षा विभाग सख्त, 25 जुलाई तक BPSC को जाएगी अधियाचना; अगस्त के पहले हफ्ते में नोटिफिकेशन की उम्मीद

पटना: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया TRE-4 को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि 25 जुलाई तक हर हाल में भर्ती की अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजी जाए। इसके बाद अगस्त के पहले सप्ताह में TRE-4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है।

मंत्री ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि TRE-4 भर्ती में लगातार हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। इस भर्ती अभियान के तहत राज्य में कुल 46,882 शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। इनमें प्राथमिक विद्यालयों में 10,778, मध्य विद्यालयों में 8,583, माध्यमिक विद्यालयों में 9,082 और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 16,774 पद शामिल हैं।

राजस्थान दौरे से लौटने के बाद शिक्षा मंत्री ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में TRE-4 के अलावा मॉडल स्कूलों, नई स्थानांतरण नीति और विभागीय कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को टीम वर्क की संस्कृति मजबूत करने और जनता से प्राप्त सभी आवेदनों का अधिकतम 30 कार्यदिवस के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि राज्य के मॉडल स्कूलों में अब तक चार लाख से अधिक बच्चों का नामांकन हो चुका है। मंत्री ने अधिकारियों को कोटा और सीकर सहित अन्य राज्यों के मॉडल स्कूलों और कोचिंग व्यवस्था का अध्ययन कर बिहार के लिए नई कोचिंग नीति तैयार करने का निर्देश दिया। इस विषय पर अगले सप्ताह विशेष बैठक भी होगी।

शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की एक टीम अगले सप्ताह बिहार का दौरा करेगी। इसके लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सिमुलतला आवासीय विद्यालय की कमियों को दूर करने, मदरसा बोर्ड को नए भवन में स्थानांतरित करने तथा सभी प्रखंड और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को हर महीने एक दिन गांव में रहकर अभिभावकों से संवाद करने का आदेश दिया गया है।

इसके अलावा, राज्य स्वास्थ्य समिति की तर्ज पर राज्य शिक्षा समिति के गठन पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही को और मजबूत किया जा सके।

Related Posts

सहरसा में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, महिला की मौत; पति और मासूम बेटी गंभीर घायल

सहरसा में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, महिला की मौत; पति और मासूम बेटी गंभीर घायल

सहरसा सौर बाजार थाना में नशा मुक्ति अभियान, थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने लोगों को दिलाई नशा छोड़ने की शपथ

सहरसा सौर बाजार थाना में नशा मुक्ति अभियान, थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने लोगों को दिलाई नशा छोड़ने की शपथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *